news-details

अटेवा ने निकाली तिरंगा यात्रा

You can share this post!

रैली में गूंजी पुरानी पेंशन बहाली की मांग

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।अटेवा पेंशन बचाओ मंच की ओर से शुक्रवार को गौरीगंज जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान शिक्षक, शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग दोहराई। निजीकरण को बंद करने के साथ शिक्षकों को टी ई टी  परीक्षा उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता से मुक्त करने की मांग की। तिरंगा यात्रा में जिले के सभी शिक्षक संगठन शामिल हुए और ओ पी एस की बहाली के लिए एकजुट होकर सत्ता परिवर्तन का  आह्वान किया। तिरंगा यात्रा वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के पास से शुरू हुई।एक देश एक विधान, पेंशन सबकी हो एक समान--, पुरानी पेंशन बहाल करो--,टी ई टी की अनिवार्यता रद्द करो, निजीकरण बंद करो, एन पी एस गो बैक,ओपीएस कम बैक --आदि नारे लगाते हुए शिक्षक और कर्मचारी ब्लाक परिसर स्थित शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचे और यहीं यात्रा का समापन हुआ और विकास खंड के सभागार में आंदोलन के अगले चरण की सफलता के ‌लिए रणनीति और कार्ययोजना तैयार की गई। जिला अध्यक्ष मंजीत यादव ने सभी शैक्षिक संगठनों से 25सितम्बर की रैली में पूरी ताकत के साथ लखनऊ पहुंचने का आह्वान किया।बैठक की अध्यक्षता करते हुए उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय मंत्री अब्दुल रसीद ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर खुलकर चर्चा की और कहा कि दोनों सरकारें बेसिक शिक्षा को ठेके पर देना चाहती हैं।यदि कुछ शिक्षक और कर्मचारी नेताओं ने सरकार से मिलकर आंदोलन को कमजोर न किया होता तो अभी तक हम लोग पुरानी पेंशन की लड़ाई जीत चुके होते। पुरानी पेंशन को हमने अभी तक चुनावी मुद्दा नहीं बनाया। सरकार यदि हमारी मांगे स्वीकार नहीं करती तो हमें ऐसी सरकार को हटाने के लिए जनमत और लोकमत तैयार करना होगा।सरकार चाहे जितनी परीक्षा ले, हमारे शिक्षक कमजोर नहीं है। टीईटी की परीक्षा उत्तीर्ण करने में सेवारत शिक्षक सबसे आगे हैं।नये शिक्षकों से एकजुट होकर आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाने की अपील की और कहा कि संघर्ष का सफर चाहे जितना लम्बा हो पुरानी पेंशन की लड़ाई विजय बंधु और अटेवा के नेतृत्व में ही जीती जाएगी।बैठक में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह, मंत्री श्री राम सोनी, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के महामंत्री रमाकांत मौर्य , महेंद्र प्रताप मिश्र, प्रमोद तिवारी, बृजेश यादव, रंजीत गौतम आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। संचालन अजय कुमार मौर्य ने किया। 25सितम्बर को लखनऊ रैली की तैयारी को लेकर हर विकास खंड में बैठक करने का निर्णय भी लिया गया।