news-details

अयोध्या की 346 ग्राम पंचायतों में बनेंगी डिजिटल लाइब्रेरी

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Ayodhya

ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ी पहल की गई है। जिले की 11 विकास खंडों की 346 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं। इस योजना का उद्देश्य गांव के बच्चों और युवाओं को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकें।

प्रत्येक ग्राम पंचायत में 12 सीटों की क्षमता वाली लाइब्रेरी विकसित की जा रही है। यहां पारंपरिक पुस्तकों के साथ-साथ डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। लाइब्रेरी में दो कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्शन और ई-बुक्स जैसी ऑनलाइन अध्ययन सामग्री की सुविधा दी जाएगी, जिससे छात्र विभिन्न शैक्षणिक प्लेटफॉर्म का लाभ ले सकेंगे।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक के.के. सिंह के अनुसार, पुस्तकों की आपूर्ति पूरी हो चुकी है और फर्नीचर की व्यवस्था भी की जा चुकी है। प्रत्येक लाइब्रेरी पर लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इनका संचालन ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा।

लाइब्रेरी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस माह के अंत तक सभी लाइब्रेरी शुरू होने की संभावना है।