
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या में ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के पावन अवसर पर बड़े मंगलवार के दिन गंगा दशहरा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां सरयू में आस्था की डुबकी लगाएंगे और मिट्टी के घड़े, हस्तनिर्मित पंखे व मौसमी फलों का दान कर पुण्य अर्जित करेंगे। सरयू तट पर मां गंगा की भव्य झांकी सजाई जाएगी और शाम को महाआरती व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आंजनेय सेवा संस्थान के अध्यक्ष महंत शशिकांत दास ने बताया कि गंगा दशहरा के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार राजा भगीरथ द्वारा मां गंगा को पृथ्वी पर लाने की कथा से अयोध्या और गंगा का गहरा आध्यात्मिक संबंध माना जाता है।