news-details

अयोध्या में गैस वितरण के दौरान हंगामा, घंटों लाइन में खड़े उपभोक्ता परेशान

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले के बीकापुर तहसील क्षेत्र में रसोई गैस वितरण के दौरान लगातार दूसरे दिन अव्यवस्था और हंगामे की स्थिति बनी रही। कमला विकास नगर स्थित जन सेवा केंद्र के सामने गुरुवार और शुक्रवार को ग्रामीणों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।सुबह 5 बजे से ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लग गए थे। चिलचिलाती धूप में घंटों इंतजार के बावजूद गैस न मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई।गुरुवार को शाम 4 बजे तक करीब 150 उपभोक्ता लाइन में थे, लेकिन इसी दौरान गैस एजेंसी की एक छोटी गाड़ी सिलेंडर लेकर मौके पर पहुंची। उस समय तक भीड़ बढ़कर 250 से अधिक हो चुकी थी। आरोप है कि गाड़ी के साथ आए करीब 50 नए लोगों को पहले सिलेंडर देने की कोशिश की गई, जिससे विवाद और हंगामा शुरू हो गया।सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने स्थिति संभालने में सक्रिय भूमिका नहीं निभाई। करीब आधे घंटे तक चले विवाद के बाद किसी तरह गैस वितरण शुरू कराया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि एजेंसी पहले डीएसी (डिलीवरी एक्नॉलेजमेंट कॉपी) जमा कराकर ऑनलाइन डिलीवरी दिखा देती है, जबकि वास्तविक रूप से सिलेंडर कई दिनों बाद दिया जाता है। कई उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ा।दरियापुर निवासी संतोष तिवारी और गंगापुर निवासी राम बुझारत सहित कई लोगों ने लगातार कई दिनों से सिलेंडर न मिलने की शिकायत की है।मामले पर जिला पूर्ति अधिकारी ने संज्ञान लेते हुए एजेंसी को गांव-गांव जाकर वितरण करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, उपजिलाधिकारी बीकापुर ने शुक्रवार को एजेंसी की जांच कराने और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।