news-details

अयोध्या में नवविवाहिता से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में नवविवाहिता ने गांव के ही एक युवक पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर से की, जिसके बाद एसडीएम ने पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।पीड़िता के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे की है। वह अपनी ननद के साथ शौच के लिए गांव के बाहर खेत की ओर गई थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद एक युवक ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे जमीन पर गिरा दिया। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर आने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया।आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी दोबारा वापस आया और पीड़िता के पति के साथ मारपीट की। घटना की सूचना डायल-112 पर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने जाने की बात कही।पीड़िता अपने परिवार के साथ कुमारगंज थाने पहुंची, लेकिन आरोप है कि उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि उन्हें देर रात तक थाने में बैठाए रखा गया और बिना कार्रवाई के वापस भेज दिया गया। उन्होंने आरोपी पर धमकाने का भी आरोप लगाया है।इसके बाद पीड़ित परिवार ने मिल्कीपुर एसडीएम से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कुमारगंज थाना प्रभारी को जांच कर मुकदमा दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है।