
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशानुसार व मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी के मार्गदर्शन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे योग सप्ताह के अंतर्गत आज वृद्धाश्रम में एक विशेष योग शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए डॉ. शशिराज सेठ ने बताया कि सरकार की 365 डेज योग एवं योग फॉर हेल्दी एजिंग की अवधारणा को साकार करने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को स्वस्थ, सक्रिय एवं तनावमुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा। . इस अवसर पर योग प्रशिक्षक एवं प्राकृतिक चिकित्सक शशिराज सेठ द्वारा योग फॉर हेल्दी एजिंग विषय पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से बढ़ती उम्र में शरीर लचीला बना रहता है, जोड़ों के दर्द में राहत मिलती है तथा शरीर का संतुलन बेहतर होता है। साथ ही योग मानसिक शांति प्रदान कर तनाव को कम करता है और नींद की गुणवत्ता में सुधार लाता है। शिविर में उपस्थित बुजुर्गों को अनुलोम-विलोम,भ्रामरी प्राणायाम, पवनमुक्तासन सीरीज भाग 1 जैसे सरल एवं प्रभावी अभ्यास के बारे में बताया गया, जिन्हें वे अपनी दैनिक दिनचर्या में आसानी से शामिल कर सकते हैं। इसके साथ ही 365 डेज योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि योग केवल एक दिवस तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे पूरे वर्ष अपनाने योग्य जीवनशैली बनाना चाहिए। प्रतिदिन मात्र 20–30 मिनट योग करने से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।