
pardarshi vikas news kanpur
बिठूर क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने दरोगा समेत तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में टेंट कारोबारी फूल सिंह कुशवाहा (45) की मौत हो गई, जबकि दरोगा प्रदीप कुमार और एक बाइक सवार घायल हो गए। दरोगा की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि बाइक सवार को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात टिकरा चौकी पर तैनात दरोगा प्रदीप कुमार गश्त पर थे। इसी दौरान कल्याणपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर के बाद बोलेरो करीब 500 मीटर आगे बढ़ी और वहां खड़े बाइक सवार व टेंट कारोबारी फूल सिंह कुशवाहा को भी कुचल दिया। बताया जा रहा है कि वाहन ने उन्हें कुछ दूरी तक घसीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद बोलेरो करीब 300 मीटर आगे जाकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान मंगलवार सुबह फूल सिंह कुशवाहा की मौत हो गई, जबकि दरोगा की हालत नाजुक बनी हुई है।मृतक फूल सिंह कुशवाहा कल्याणपुर के कश्यप नगर के निवासी थे और टेंट का काम करते थे। वह देर रात एक कार्यक्रम से काम निपटाकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश के लिए दो टीमें गठित की गई हैं और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।