
पारदर्शी विकास न्यूज़, वृंदावन। ज्ञान गुदड़ी क्षेत्र स्थित जानकी भवन आश्रम में श्रीरामजानकी सद्गुरु सेवा ट्रस्ट द्वारा अनंतश्री विभूषित महंत छविराम दास रामायणी महाराज का 21वां वार्षिक पंचदिवसीय पुण्य स्मृति महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव श्रीमहंत रामदास महाराज के सानिध्य में आयोजित हो रहा है। इस दौरान वेदज्ञ ब्राह्मणों द्वारा श्रीरामचरित मानस पाठ, सुंदरकांड और श्रीहनुमान चालीसा के अनुष्ठान किए जा रहे हैं। साथ ही श्रीराम कथा का आयोजन भी हो रहा है।
कथा व्यास सीताराम दास महाराज ने अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराया। श्रीजानकी भवन आश्रम के अध्यक्ष महंत रामदास महाराज ने कहा कि श्रीवृंदावन धाम की महिमा बैकुंठ से भी अधिक है। ब्रजवासी और संत वृंदावन को ही बैकुंठ से श्रेष्ठ मानते हैं। उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि में आज भी अनेक दिव्य स्थल हैं, जहां श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की उपस्थिति का अनुभव होता है।
महोत्सव में डॉ. गोपाल चतुर्वेदी, संत नारायण दास महाराज, संत सीताराम दास महाराज, संत जयराम दास महाराज और डॉ. राधाकांत शर्मा सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।