
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 5 बजे गोंडा-मनकापुर मार्ग पर सड़क हादसा हो गया। गौरिया गांव के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अचानक सामने आई बिल्ली को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और तीन बिजली के खंभों को तोड़ते हुए खाई में पलट गई।हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। बताया गया कि प्रयागराज से बलरामपुर के विशुनपुर महुआ गांव जा रहे अवध राम वर्मा, मिथिलेश कुमार और कर्ता राम वर्मा कार में सवार थे। ड्राइविंग के दौरान नींद की झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और हादसा हो गया।घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर में भर्ती कराया गया है। कर्ता राम वर्मा का एक हाथ टूट गया, जबकि मिथिलेश कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। अवध राम वर्मा भी घायल हुए हैं।कार की टक्कर से तीन बिजली के खंभे टूट गए, जिससे आसपास के कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर व्यवस्था बहाल करने में जुटी है। वहीं वजीरगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को बाहर निकलवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।