
पारदर्शी विकश न्यूज़ गोंडा।
सदर तहसील के हारीपुर ग्राम पंचायत में रविवार दोपहर अतिक्रमण हटाने गई राजस्व टीम को स्थानीय विरोध के चलते बिना कार्रवाई लौटना पड़ा। नगर मजिस्ट्रेट के आदेश पर आबादी की जमीन पर बने अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए टीम मौके पर बुलडोजर के साथ पहुंची थी।नायब तहसीलदार चंदन कुमार और नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी की मौजूदगी में जैसे ही कार्रवाई शुरू की गई, ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। आरोपित रामखेलावन ने दावा किया कि मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है और स्टे आदेश की तारीख लगी हुई है, इसलिए कार्रवाई नहीं की जा सकती।इस दौरान ग्राम प्रधान भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी न्यायालय में मामला लंबित होने का हवाला देते हुए कार्रवाई का विरोध किया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख राजस्व टीम को बिना अतिक्रमण हटाए वापस लौटना पड़ा।यह कार्रवाई अखिलेश कुमार वर्मा की शिकायत पर की जा रही थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि गाटा संख्या 142 खा की आबादी जमीन पर बने रास्ते को अवैध रूप से बंद कर दिया गया है। नगर मजिस्ट्रेट ने वर्ष 2024 में अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक उसका अनुपालन नहीं हो सका है।नायब तहसीलदार ने बताया कि मौके पर भारी भीड़ और विवाद की स्थिति को देखते हुए कार्रवाई रोकनी पड़ी। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन जल्द कराया जाएगा।