
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शुक्रवार की रिकॉर्ड बारिश के बाद शनिवार सुबह शहर में तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। आसमान साफ होने के कारण सुबह से ही तेज धूप रही, जबकि मौसम विभाग ने दिन में आंधी और बारिश की संभावना जताई है।मौसम विभाग के अनुसार, 3 जुलाई को 108.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो जुलाई माह में पिछले 15 वर्षों की सबसे अधिक दैनिक वर्षा रही। इससे पहले वर्ष 2011 में 1 जुलाई को 101 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। एक ही दिन में जुलाई की सामान्य वर्षा (275.3 मिमी) का लगभग 40 प्रतिशत पानी बरस गया।भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। बारिश थमने के घंटों बाद भी सड़कों और मोहल्लों में पानी भरा रहा, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि शाम के समय हल्की बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया, जिसके चलते गंगा बैराज, मोतीझील और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ी।मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि प्रदेश में मानसून सक्रिय है। विभिन्न साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि दिन में आसमान साफ रहेगा तो तेज धूप के कारण उमस बढ़ेगी, जबकि बारिश होने पर तापमान में गिरावट आएगी।