
PARDARSHI VIKASH NEWS बांदा नगर कोतवाली में तैनात दरोगा सुधीर चौरसिया पर गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर एक मामले में धाराएं कम करने के नाम पर 20 हजार रुपये लेने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है और एक पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें पहले मारपीट हुई थी। पीड़ित शैलेन्द्र द्विवेदी ने आरोप लगाया है कि दरोगा ने केस में राहत देने और धाराएं हल्की करने के बदले 20 हजार रुपये लिए थे।पीड़ित का यह भी आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद मामले में राहत देने के बजाय धाराएं बदलकर उसे और गंभीर कर दिया गया, जिसमें छेड़खानी और जान से मारने जैसी धाराएं जोड़ दी गईं।शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने इस बारे में दरोगा से बात की तो उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी भी की गई। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।