
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। शिक्षक दिवस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देशवासियों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने उत्तर प्रदेश में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी ने बंद विद्यालयों के पास ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का संदेश है— “बंद स्कूल खुलेगा, तो पीडीए पढ़ेगा।” उन्होंने कहा कि शिक्षा को प्राथमिकता देना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।सपा प्रमुख के अनुसार शिक्षा के माध्यम से शोषित, वंचित, गरीब और पीड़ित समाज में सामाजिक एवं राजनीतिक चेतना पैदा होगी। जागरूकता से भेदभाव समाप्त करने, बराबरी स्थापित करने और सामाजिक न्याय को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के विस्तार से समाज में सौहार्द और समानता का वातावरण भी बनेगा।समाजवादी पार्टी के मुताबिक प्रदेशभर में बंद प्राथमिक विद्यालयों के पास आयोजित ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम में पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस दौरान बंद विद्यालयों को दोबारा संचालित करने की मांग उठाई गई।