
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत गुरुवार को नगर पालिका परिषद कुशीनगर की ओर से बुद्ध स्थली में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। महापरिनिर्वाण मंदिर गेट से शुरू हुए अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष किरन जायसवाल, अधिशासी अधिकारी अंकिता शुक्ला और सभासदों ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के तहत बुद्धा मार्ग, मुकुट बंधन चैत्य और बुद्धा घाट सहित प्रमुख स्थलों पर सफाई की गई। इस दौरान सड़क और आसपास बिखरे कूड़े-कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया। धार्मिक और पर्यटन स्थलों को साफ-सुथरा रखने पर विशेष जोर दिया गया।नगर पालिका अध्यक्ष किरन जायसवाल ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर नगर बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालना चाहिए और आसपास गंदगी नहीं फैलानी चाहिए।ईओ अंकिता शुक्ला ने कहा कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल है, जहां देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। ऐसे में नगर की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश कुमार जायसवाल ने भी साफ-सफाई को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।कार्यक्रम का संचालन स्वच्छता प्रभारी श्रवण तिवारी ने किया। अभियान में नगर पालिका कर्मचारी, सभासद और स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे।