
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मूलगंज थाना क्षेत्र की लेबर मंडी में मजदूर विशाल उर्फ रवि की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या उसके साथी मजदूर अशर्फीलाल उर्फ बड़बड़िया उर्फ राजू ने की थी। आरोपी ने बीड़ी और 150 रुपए चोरी करने तथा विरोध करने पर हुए विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया।डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि 3 जून की रात मेस्टन रोड स्थित लेबर मंडी में विशाल का रक्तरंजित शव मिला था। पोस्टमार्टम में सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक अक्सर उसकी जेब से रुपए और बीड़ी चुरा लेता था। घटना वाली रात भी उसने 150 रुपए और बीड़ी का बंडल ले लिया था। विरोध करने पर गाली-गलौज हुई, जिससे नाराज होकर उसने विशाल के सो जाने के बाद ईंट से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त ईंट से जुड़े साक्ष्य जुटाने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।