
Pardarshi Vikas News Kushinagar
देसही देवरिया विकास खंड क्षेत्र के गोठा रसूलपुर स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को एक अनूठी पहल देखने को मिली। यहां अध्ययनरत करीब 180 छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक भी बच्चों की तरह गणवेश में नजर आए।
खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्रा के निरीक्षण के दौरान यह पहल सामने आई। प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिवलाल चौहान, उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रविंद्र गुप्ता सहित सहायक अध्यापक श्रीप्रकाश भाटिया, रजनीश कुमार, सुदीप कुमार और रामनारायण यादव प्रतिदिन छात्रों के साथ समान ड्रेस में विद्यालय पहुंचते हैं।
शिक्षकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यालय में एकरूपता स्थापित करना और बच्चों को अनुकरण के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करना है। इससे छात्रों में अनुशासन बढ़ने के साथ-साथ शिक्षक और छात्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है।
इसी अवसर पर प्राथमिक विद्यालय के 91 तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय के 89, कुल 180 छात्रों को खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्रा द्वारा नि:शुल्क बैग वितरित किए गए।
विद्यालय को समुदाय और अभिभावकों का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। निरीक्षण के दौरान पठन-पाठन, अनुशासन और समयबद्ध संचालन को संतोषजनक पाते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों की सराहना की।