news-details

बच्चों में बढ़े हेपेटाइटिस व डिहाइड्रेशन के मामले

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। GSVM मेडिकल कॉलेज के हैलट अस्पताल के बाल रोग विभाग में इन दिनों बच्चों में हेपेटाइटिस, डिहाइड्रेशन और वायरल संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। भीषण गर्मी और पानी की कमी को इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है। डॉक्टरों ने बच्चों की देखभाल को लेकर अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।अस्पताल की बाल रोग OPD में रोजाना लगभग 200 से 225 मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें करीब 70 से 75 बच्चे डिहाइड्रेशन, वायरल डायरिया और हेपेटाइटिस जैसी समस्याओं से पीड़ित पाए जा रहे हैं।बाल रोग विभाग के विभागाध्यक्ष (HOD) शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि इस समय वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे डिहाइड्रेशन और डायरिया के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि खुले में मिलने वाले खाद्य पदार्थ और पेय पदार्थ बच्चों के लिए संक्रमण का बड़ा कारण बन रहे हैं।डॉक्टरों के अनुसार बच्चे लगातार सक्रिय रहते हैं, जिससे उनके शरीर में पानी की जरूरत और बढ़ जाती है। ऐसे में समय-समय पर पर्याप्त पानी देना बेहद जरूरी है। यदि दस्त या उल्टी जैसी समस्या शुरू हो तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए, क्योंकि शरीर में पानी की कमी किडनी और लीवर पर गंभीर असर डाल सकती है।अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे बच्चों को हल्के और सूती कपड़े पहनाएं, बाहर धूप में कम निकलने दें और बाजार के खुले खाद्य पदार्थों से बचाएं। डॉक्टरों ने घर में साफ पानी और स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया है।