
औरैया। भारतीय जनता पार्टी जिला औरैया की जिला बैठक जिला कार्यालय पर हुई। बैठक में तीनों विधानसभा औरैया, दिबियापुर व बिधूना के नवनियुक्त प्रभारियों का कार्यकर्ताओं से परिचय कराया गया। संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समन्वय से मजबूत हो रहा है। सभी अपनी जिम्मेदारी निष्ठा से निभाएं। औरैया प्रभारी गोपाल मोहन शर्मा ने कहा कि संगठन की ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं, वे सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। दिबियापुर प्रभारी शिवसिंह भदौरिया व बिधूना प्रभारी विकास दुबे ने संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा कर दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा संगठन है और इसकी मजबूती का आधार उसका अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के माध्यम से सरकार की विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाएं और बूथ को सबसे मजबूत इकाई के रूप में स्थापित करें, तभी हम और अधिक मजबूती से जनता की सेवा कर पाएंगे।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता, चेयरमैन राघव मिश्रा ने भी विचार रखे। संचालन जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार ने किया। इस दौरान विशाल शुक्ला, ऋषि पाण्डेय, भूरे चौबे, मंजू चौहान, प्रतिमा अवस्थी, लल्ला शर्मा, विमल दुबे, दीक्षांत गुप्ता, अशोक दोहरे, राहुल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।