
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा विकास विरोधी है और उसके शासनकाल में उत्तर प्रदेश को बदनामी के अलावा कुछ नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट व्याप्त है, जिससे प्रदेश की छवि देश और दुनिया में खराब हो रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की सड़कों का बुरा हाल है। भाजपा सरकार ने गड्ढा मुक्ति के नाम पर वर्षों तक हजारों करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन सड़कों से गड्ढे नहीं हटे। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट का दुरुपयोग हुआ और जनता को उसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी आगरा में भी सड़कें खराब हैं, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।सपा प्रमुख ने कहा कि आगरा का पर्यटन उद्योग, होटल व्यवसाय, गाइड, टैक्सी और टूर ऑपरेटरों के साथ-साथ पेठा, दालमोठ, हस्तशिल्प, संगमरमर की कलाकृतियों और जूता उद्योग जैसे स्थानीय कारोबार भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की अव्यवस्थाओं को देखकर निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश करने से बच रहे हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश में आर्थिक मंदी, गंदगी और बुनियादी सुविधाओं की समस्याएं बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सामाजिक भेदभाव, श्रमिक असंतोष तथा बिजली, पानी, सड़क और यातायात व्यवस्था की खामियां भी प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर विकास और जनहित के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।