
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। भारत विकास परिषद् उत्तर मध्य क्षेत्र-द्वितीय के अंतर्गत काशी प्रांत की ओर से आयोजित ‘भारत को जानो’ अखिल भारतीय लिखित प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। राष्ट्रव्यापी ज्ञान अभियान के तहत पूर्वांचल के सात जनपदों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अकेले काशी प्रांत से जुड़े जिलों में 39 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने परीक्षा देकर भारतीय संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रबोध के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।काशी प्रांत की 28 शाखाओं के संयोजन में वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर और गाजीपुर समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के सैकड़ों विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।प्रांतीय अध्यक्ष हरविंदर वालिया ने बताया कि गतिविधि संयोजक (संस्कार) कमलेश सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विवेक सूद एवं डॉ. वीणा पाण्डेय के मार्गदर्शन में सुनियोजित कार्ययोजना के साथ परीक्षा का संचालन किया गया।उत्तर मध्य क्षेत्र-द्वितीय के क्षेत्रीय महासचिव सुदीप टंडन और परिषद् के पूर्व राष्ट्रीय चेयरमैन निर्मल जोशी ने कहा कि ‘भारत को जानो’ महज सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान, परंपराओं और राष्ट्रबोध से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।प्रतियोगिता कनिष्ठ और वरिष्ठ दो वर्गों में आयोजित हुई। इसमें धर्म, संस्कृति, इतिहास, भूगोल, विज्ञान, साहित्य, संविधान और समसामयिक विषयों पर आधारित वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। लिखित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन आगामी प्रांत स्तरीय मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।