
PARDARSHI VIKASH NEWS औरैया। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच ओजस्वी फाउंडेशन ने श्रमिकों, राहगीरों और रिक्शा चालकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से गमछे और ओआरएस का वितरण किया। यह कार्यक्रम विकास खंड भाग्यनगर की ग्राम पंचायत कोठीपुर में सोशल वेलफेयर कमेटी के ब्लॉक सचिव राम किशोर कठेरिया के आवास पर आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की अध्यक्षा अपर्णा सिंह ने लोगों को गर्मी और हीटवेव से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि गमछे का उपयोग सिर पर बांधकर या चेहरे पर लपेटकर किया जाए तो तेज धूप से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने बताया कि गमछा शरीर का पसीना सोखकर ठंडक बनाए रखने में मदद करता है और अधिक गर्मी की स्थिति में इसे भिगोकर सिर या गले पर रखने से शरीर का तापमान नियंत्रित रखा जा सकता है।अपर्णा सिंह ने देश के विकास में श्रमिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए समाज में सेवा और दान की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की।इस दौरान महेश चंद्र तिवारी, लल्लन, पारुआ, जय नारायण, महेंद्र, राजकुमार, रामलाल, लालता प्रसाद, अवधेश कुमार, अंशु, हीरा लाल और पप्पू कोरी समेत कई लोगों को अंगवस्त्र भेंट किए गए। ग्रामीणों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा जताया और कहा कि ऐसी पहल समाज के कमजोर वर्गों के लिए बेहद उपयोगी साबित होती हैं।कार्यक्रम में सोशल वेलफेयर कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष आसिफ़ सिद्दीकी, मीडिया प्रभारी अखिलेश पाल, ब्लॉक सचिव राम किशोर कठेरिया सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।