
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी
आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, प्रशासनिक अधिकारी, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने त्योहार को आपसी भाईचारे और परंपरागत तरीके से मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न हो। उन्होंने खुले में कुर्बानी और अवशेष फेंकने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली, सफाई, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कुर्बानी के फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड न किए जाएं और भ्रामक पोस्ट से बचें। सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सभी से शांति और सौहार्द के साथ बकरीद मनाने की अपील की।