
Pardarshi Vikas News Varanasi
स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सोमवार को अतिरिक्त उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (रेलवे) प्रवीर पांडेय ने दौरा कर लोको निर्माण प्रक्रिया, तकनीकी गुणवत्ता और उत्पादन कार्यों का निरीक्षण किया। उनके दौरे का उद्देश्य ऑडिट कार्यों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को मजबूत बनाना रहा। दौरे की शुरुआत महाप्रबंधक आशुतोष पंत के साथ बैठक से हुई, जिसमें लोको निर्माण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसके बाद प्रवीर पांडेय ने कार्यशाला पहुंचकर लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप और लोको टेस्ट शॉप का जायजा लिया। उन्होंने अमृत भारत लोको और डब्ल्यूएपी-7 लोको के कैब का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें बरेका की आधुनिक निर्माण तकनीक, तकनीकी नवाचार और गुणवत्ता मानकों की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान मुख्य विद्युत इंजीनियर-निरीक्षक भारद्वाज चौधरी और उप मुख्य विद्युत इंजीनियर-लोको सुदीप रावत मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रधान निदेशक लेखापरीक्षा रेलवे कोलकाता पुष्कर कुमार, उप निदेशक लेखा परीक्षा बरेका मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।