
पारदर्शी विकास न्यूज़ अयोध्या। बहुजन समाज पार्टी ने पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समाज में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए नई कार्ययोजना तैयार की है। मकबरा स्थित पार्टी कार्यालय में बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने ओबीसी सामाजिक भाईचारा कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सदस्यता अभियान और संवाद कार्यक्रमों की रणनीति बनाई।विश्व नाथ पाल ने कहा कि प्रत्येक पोलिंग बूथ पर ओबीसी समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए छोटी-छोटी बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने में बसपा की अहम भूमिका रही है।उन्होंने कहा कि बसपा संस्थापक कांशीराम और मायावती ने पिछड़े वर्ग के अधिकारों के लिए देशभर में अभियान चलाया। मंडल आयोग की रिपोर्ट लागू कराने में भी बसपा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने दावा किया कि बसपा सरकारों में ओबीसी समाज को शासन और प्रशासन में उचित प्रतिनिधित्व दिया गया।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने ओबीसी समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि बसपा ने सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।बैठक में मंडल संयोजक रवि प्रकाश मौर्य, जिला संयोजक प्रमोद कुमार गौतम समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।