
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर गुरुवार को उनके लखनऊ स्थित आवास पर राजनीतिक दलों के नेताओं का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहुंचकर दिवंगत विधायक को श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उनके पुत्र को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री सुरेश खन्ना और स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सार्वजनिक जीवन और जनसेवा को याद किया।उमाशंकर सिंह के अंतिम दर्शन के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का लगातार आवागमन रहा। श्रद्धांजलि देने वालों में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, मंत्री दयाशंकर सिंह, मंत्री ओम प्रकाश राजभर, मंत्री संजय निषाद, समाजवादी पार्टी के विधायक ओम प्रकाश सिंह तथा पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। सभी ने दिवंगत विधायक के व्यक्तित्व और जनसेवा को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।गौरतलब है कि उमाशंकर सिंह बसपा के प्रमुख नेताओं में शामिल थे और वर्तमान विधानसभा में पार्टी के इकलौते विधायक थे। उनके निधन को प्रदेश की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।परिजनों के अनुसार, दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव रसड़ा (जनपद बलिया) में पूरे राजकीय सम्मान और पारिवारिक रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में समर्थकों, पार्टी पदाधिकारियों और विभिन्न दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है।