
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। कमालगंज विकासखंड के ग्राम सिंगारपुर में बदहाल सफाई व्यवस्था के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की अधिकांश नालियां चोक होने और लंबे समय से नियमित सफाई न होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी जमा है। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। रमेश, सुरेश, कमलेश, सोनू, अखिलेश सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है और बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बरसात से पहले नालियों की सफाई, जलभराव दूर करने और स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की है। वहीं ग्राम प्रधान मुस्कान बानो ने बताया कि सफाई कर्मचारी को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं और जल्द ही नालियों की सफाई कराकर गांव में जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।