
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी । मौसम बदलने के साथ ही सर्दी-जुकाम, वायरल फीवर और अन्य बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और अन्य सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। अस्पतालों में बड़ी संख्या में बुखार, सर्दी-जुकाम, वायरल संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। इन दिनों अधिकांश लोग वायरल बुखार की चपेट में हैं, और कई परिवारों में एक सदस्य के बीमार पड़ने के बाद अन्य सदस्य भी इसकी चपेट में आ रहे हैं सरकारी अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। बढ़ती भीड़ के कारण मरीजों को जांच और दवाओं के लिए निजी केंद्रों का भी सहारा लेना पड़ रहा है।चिकित्सक डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि बारिश के दौरान जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे डेंगू समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि स्ट्रीट फूड, दूषित पानी का सेवन, बारिश में भीगना और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही भी बीमारी बढ़ने के प्रमुख कारण हो सकते हैं।डॉ. सौरभ सिंह ने कहा कि घर और आसपास साफ-सफाई रखने, कहीं भी बारिश का पानी जमा न होने देने और मच्छरों के पनपने की स्थिति को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि बुखार होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक लेने से स्वास्थ्य पर हानिकारक प्रभाव पड़ सकता है। बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेकर ही उपचार कराना चाहिए।