
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। थाना बबेरु पुलिस ने चोरी और टप्पेबाजी करने वाले एक संगठित गिरोह के 03 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14,100 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। साथ ही उनके बैंक खातों में जमा करीब 2.84 लाख रुपये की धनराशि को फ्रीज कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य लोगों को “रुपये दोगुना करने” का झांसा देकर और बातचीत में उलझाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। एक सदस्य पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए आसपास नजर रखता था, जबकि अन्य सदस्य वारदात को अंजाम देते थे।गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश, राजकुमार और अनुराग शामिल हैं, जो थाना कमासिन क्षेत्र के ओझा नगर के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों को स्वीकार किया है। कैलाश के खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह की पहचान की गई। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य मामलों की जांच की जा रही है।