
डेरापुर क्षेत्र स्थित चिलौली चौराहे पर लगी हाई-मास्ट लाइट पिछले करीब छह माह से खराब पड़ी है। इसके चलते रात होते ही पूरे चौराहे पर अंधेरा छा जाता है, जिससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर पर्याप्त रोशनी न होने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। रात में गुजरने वाले वाहन चालकों को मोड़ और रास्ते स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की भी चिंता बनी हुई है।
बताया गया कि यह हाई-मास्ट लाइट पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया के कार्यकाल में लगाई गई थी, लेकिन लंबे समय से बंद होने के कारण अब इसकी उपयोगिता खत्म होती नजर आ रही है। लोग इसे केवल शोपीस बनकर खड़ा ढांचा बता रहे हैं।
स्थानीय व्यापारी राघवेंद्र बाजपेई, विनोद कुमार यादव, पंकज सक्सेना, सौरभ सक्सेना और सुरेश प्रजापति समेत कई लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि यदि हाई-मास्ट लाइट चालू हो जाए तो चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, दुर्घटनाएं कम होंगी और रात में आवागमन करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।