news-details

चोर बाजार से खरीदता था मोबाइल, बिहार में खपाता था माल

You can share this post!

 

तरयासुजान (कुशीनगर)। पारदर्शी विकास ब्यूरो

चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त कर उन्हें दूसरे इलाकों में खपाने वाले एक आरोपित को तरयासुजान पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अलग-अलग ब्रांड के 60 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह विभिन्न शहरों के चोर बाजार से मोबाइल खरीदकर उन्हें बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में ले जाकर बेचता था। इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयन्त यादव के नेतृत्व में थाना तरयासुजान क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से अलग-अलग ब्रांड के 60 मोबाइल फोन बरामद हुए।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान गौरीशंकर कुमार पुत्र लक्ष्मीनारायण साह, निवासी जीहुली, थाना पताही, जनपद मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह विभिन्न शहरों के चोर बाजारों से मोबाइल खरीदकर बिहार के ग्रामीण इलाकों में बेचता था। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के स्रोत और उनके वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटाने में लगी है।एक साथ 60 मोबाइल फोन बरामद होने के बाद पुलिस को आशंका है कि इस कारोबार का दायरा केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह मोबाइल कहां से खरीदता था, किन लोगों के संपर्क में था और बिहार में किन लोगों को मोबाइल बेचता था। बरामद मोबाइलों का विवरण जुटाकर उनके चोरी अथवा गुमशुदगी के मामलों से मिलान भी कराया जा सकता है।पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0-280/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस, थाना तरयासुजान में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इनकी रही अहम भूमिका

 

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अतुल कुमार बिन्द, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, उपनिरीक्षक विवेक सिंह, कांस्टेबल उपेन्द्र यादव और कांस्टेबल आदर्श मिश्रा शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मोबाइलों की खरीद-फरोख्त करने वालों में हड़कंप मचा है।