
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। गाजीपुर इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उस समय हड़कंप मच गया, जब अंतिम संस्कार के दौरान उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। परिजन शव लेकर भैंसाकुंड श्मशान घाट पहुंचे थे, जहां मौजूद लोगों ने शक होने पर पुलिस को सूचना दे दी।सूचना मिलते ही गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और चिता से शव को उठवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।मृतक की पहचान बस्तवारा दरभंगा निवासी संतोष कुमार (26) के रूप में हुई है। वह गाजीपुर थाना क्षेत्र के मीना मार्केट इलाके में रहकर मजदूरी करता था। भाई जय नारायण के अनुसार, गुरुवार रात संतोष संदिग्ध हालत में घर से कुछ दूरी पर पार्क में पड़ा मिला था। परिजन उसे घर लेकर आए, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई।परिवार ने शुक्रवार को अंतिम संस्कार की तैयारी की और शव लेकर भैंसाकुंड पहुंचे। लकड़ी खरीदकर चिता भी तैयार कर दी गई थी, लेकिन शव को चिता पर रखते समय लोगों ने शरीर पर चोट के निशान देख लिए। इसके बाद अंतिम संस्कार रुकवा दिया गया और पुलिस को सूचना दी गई।मृतक का भाई जय नारायण हरियाणा में काम करता है। सूचना मिलने पर वह लखनऊ पहुंचा। उसने भी शरीर पर चोट के निशान देखकर पुलिस कार्रवाई की बात कही।इंस्पेक्टर गाजीपुर ने बताया कि परिवार बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार करने पहुंचा था। संदिग्ध मौत होने के कारण शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।