
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की ओर से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, नेबुआ नौरंगिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिस्ट्रीक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने की।नलिन सिंह ने छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया भी समझाई।जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीती सिंह ने छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर 181, आपातकालीन सेवा 112 और एंबुलेंस सेवा 108 व 102 की जानकारी दी।बंदना कुशवाहा ने बाल विवाह और दहेज प्रथा के दुष्परिणाम बताए। स्टाफ नर्स चंदा सिंह ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के साथ घरेलू हिंसा की स्थिति में मिलने वाली सहायता की जानकारी दी।इस दौरान छात्राओं ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘गुड टच-बैड टच’ विषय पर नाटक प्रस्तुत किया। अमन मिश्रा ने योजनाओं और हेल्पलाइन से संबंधित पंपलेट वितरित किए। कार्यक्रम में वार्डेन रेनू गुप्ता, मनीष गौड़, सविता चौरसिया, कु. श्वेता, रेनू प्रसाद सहित सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं।