
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर नगर। रक्षाबंधन के अवसर पर मंगलवार को ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को राखी बांधी। छात्राओं ने आरती उतारकर जिलाधिकारी के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं को उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया और पढ़ाई के साथ संस्कार व अनुशासन को जीवन में अपनाने की सीख दी।इल्तिजा, अपूर्वा, सानिया, अवनी और अन्वी सहित अन्य छात्राओं ने एक-एक कर जिलाधिकारी की कलाई पर राखी बांधी। विद्यालय की शिक्षिकाओं अनुराधा, रीना और सुनीता समेत अन्य शिक्षिकाओं ने भी जिलाधिकारी को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।राखी बांधने के बाद जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं को लेकर बातचीत की। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और संवेदनशीलता भी जरूरी है।जिलाधिकारी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व होने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति को समझने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर देते हैं।उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने माता-पिता का नाम रोशन करने के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना भी विकसित करें। जिलाधिकारी ने सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की। छात्राओं और शिक्षिकाओं ने भी इस आयोजन को लेकर प्रसन्नता जताई।