
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की जांच तेज कर दी है। मंगलवार को एसडीएम प्रीति तिवारी और सीओ अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में गौरीगंज में कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की जांच की गई। इस दौरान सैठा रोड स्थित एक डिजिटल लाइब्रेरी में कई अनियमितताएं मिलीं।छापेमारी के दौरान प्रथम तल पर संचालित लाइब्रेरी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मोबाइल के माध्यम से अध्ययन करते मिले। जांच में भवन के बाहरी हिस्से में लकड़ी की अस्थायी दीवार बनाई गई थी, जिसे अधिकारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक माना।अधिकारियों ने संचालक से पंजीकरण प्रमाणपत्र और अग्निशमन विभाग की एनओसी मांगी, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संचालक ने केवल उद्यम विभाग में पंजीकरण होने की जानकारी दी।प्रशासन ने संस्थान की व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।