news-details

DM समेत कई अफसरों के तबादले, गौरांग राठी बने जिलाधिकारी

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Jhansi

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए झांसी समेत कई जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश में झांसी जिलाधिकारी मृदुल चौधरी का स्थानांतरण कर उन्हें पर्यटन विभाग में विशेष सचिव एवं निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह उन्नाव के जिलाधिकारी गौरांग राठी को झांसी का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

झांसी में जिलाधिकारी बदलने के साथ अन्य अहम पदों पर भी फेरबदल किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद को कानपुर नगर में अपर श्रमायुक्त बनाया गया है। उनके स्थान पर गाजीपुर के संयुक्त मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड को झांसी का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।

वहीं, झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) के उपाध्यक्ष आलोक यादव को शामली का जिलाधिकारी बनाया गया है। उनकी जगह हापुड़ के मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम को झांसी विकास प्राधिकरण का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है।

प्रदेश सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को विकास कार्यों और शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। झांसी में नए जिलाधिकारी गौरांग राठी के सामने विकास परियोजनाओं को गति देने, कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने और जनहित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की बड़ी जिम्मेदारी होगी।