news-details

ED की बड़ी कार्रवाई: कंबोडिया से चल रहा साइबर ठगी नेटवर्क उजागर, भारत में 5300 सिम से करोड़ों की धोखाधड़ी

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कंबोडिया से संचालित एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान और पंजाब में कई जगहों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत की गई है।जांच में सामने आया है कि हजारों भारतीय मोबाइल सिम कार्ड फर्जी तरीके से एक्टिव कर विदेशों तक भेजे जा रहे थे, जिनका इस्तेमाल बड़े पैमाने पर साइबर फ्रॉड में किया जा रहा था। एजेंसी ने करीब 2.3 लाख संदिग्ध मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया, जिसमें लगभग 36 हजार सिम कंबोडिया में सक्रिय पाए गए।इनमें से करीब 5300 सिम कार्ड सीधे तौर पर भारत में साइबर धोखाधड़ी के मामलों में इस्तेमाल किए गए, जिनसे सैकड़ों करोड़ रुपये की ठगी होने का अनुमान है।ईडी की जांच के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से काम करता था। सिम कार्ड स्थानीय स्तर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक्टिव किए जाते थे। टेलीकॉम कंपनियों की POS आईडी का दुरुपयोग कर लोगों को सिम अपग्रेड या पोर्टिंग के नाम पर फंसाया जाता था और उनके नाम पर अतिरिक्त सिम जारी कर दिए जाते थे।इसके बाद ये सिम कार्ड मलेशियाई नागरिकों के जरिए कंबोडिया भेजे जाते थे, जहां इनका इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह द्वारा किया जाता था।5 जून को शुरू हुई इस कार्रवाई के तहत जोधपुर, किशनगढ़, नागौर और लुधियाना समेत कुल सात ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान ईडी ने कई दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और 14 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।जांच एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क भारत समेत कई देशों में सक्रिय था और संगठित तरीके से ऑनलाइन फ्रॉड को अंजाम दे रहा था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।