
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर
जिले में अपर पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को बिवांर थाने का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, लॉकअप, अपराध रजिस्टर, महिला एवं साइबर हेल्प डेस्क, विवेचना कक्ष, ई-मालखाना तथा परिसर में स्थापित सीसीटीवी प्रणाली की गहन समीक्षा की गई।निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की गुणवत्ता और उनके अद्यतन रखरखाव की जांच की गई। अधिकारियों ने रिकॉर्ड संधारण को और बेहतर बनाने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। थाना परिसर की साफ-सफाई और समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर हेल्प डेस्क को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन को हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया।अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का निष्पक्ष और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।