
Pardarshi Vikas News Lalitpur
एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को देशव्यापी सांकेतिक हड़ताल के तहत ललितपुर में उर्वरक एवं कृषि रसायन व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। डीलरों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और एक माह के भीतर समाधान न होने पर खरीफ सीजन से पहले अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि उर्वरक एवं कृषि रसायन व्यापार से जुड़े डीलर लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जटिल नियमों और कानूनी प्रक्रियाओं के कारण व्यापार करना लगातार कठिन होता जा रहा है। ज्ञापन में जबरन लिंकिंग व्यवस्था समाप्त करने, उर्वरकों पर डीलर मार्जिन बढ़ाकर कम से कम 8 प्रतिशत करने, उर्वरकों की आपूर्ति सीधे बिक्री केंद्रों तक सुनिश्चित करने, सार्थी पोर्टल की अनिवार्यता खत्म करने, एक्सपायर्ड स्टॉक की वापसी अनिवार्य करने और लाइसेंस नियमों में राहत देने जैसी मांगें शामिल हैं। डीलरों ने कहा कि यदि समय रहते मांगें पूरी नहीं हुईं तो इसका असर खरीफ सीजन में उर्वरकों की उपलब्धता पर पड़ेगा, जिससे किसानों को भी परेशानी होगी। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष महेश जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।