news-details

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को रफ्तार

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या। जिले में जुलाई माह में होने वाले व्यापक पौधरोपण अभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं। शासन के निर्देश पर संचालित "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत ग्राम विकास विभाग को 12 लाख 24 हजार 786 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। अभियान के तहत अमृत सरोवरों, तमसा नदी सहित अन्य नदियों के किनारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्राम पंचायतों की उपलब्ध भूमि पर पौधरोपण किया जाएगा।जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और नियमित सिंचाई की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उनकी जीवित रहने की दर बेहतर बनी रहे।विश्व पर्यावरण दिवस पर 5 जून को अभियान के पहले चरण में जिले को करीब 3.25 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था, लेकिन भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण बड़े स्तर पर पौधरोपण नहीं किया जा सका। पौधों के सूखने की आशंका को देखते हुए मुख्य अभियान जुलाई के अनुकूल मौसम के लिए स्थगित कर दिया गया था।डीसी मनरेगा उपेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि 1 से 7 जुलाई तक विशेष पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। सभी विकास खंडों और ग्राम पंचायतों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।ब्लॉकवार लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं। अमानीगंज को 1,18,728, बीकापुर को 1,17,628, हैरिंग्टनगंज को 92,952, मसौधा को 72,420, मवई को 1,03,238, मया बाजार को 1,18,681, मिल्कीपुर को 1,09,695, पूरा बाजार को 92,850, रुदौली को 1,44,359, सोहावल को 1,04,735 तथा सबसे अधिक तारून विकासखंड को 1,49,500 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। प्रशासन ने अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने की अपील भी की है।