
कूड़े के ढेर पर टूटी भीड़, 30 मिनट में साफ हुआ पूरा माल
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में कूड़े के ढेर में बड़ी मात्रा में पड़ी एक्सपायरी चॉकलेट और टॉफियों को लेकर लोगों में होड़ मच गई। सड़क किनारे पड़े चॉकलेट और टॉफियों के डिब्बों को देखकर लोग बाइक, कार और अन्य वाहनों से मौके पर पहुंच गए और उन्हें बटोरने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।वायरल वीडियो में कूड़े के ढेर के पास बड़ी संख्या में लोग दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग बोरियों और थैलियों में चॉकलेट के डिब्बे भर रहे हैं, जबकि कई लोग पूरे कार्टन उठाकर अपने साथ ले जाते नजर आ रहे हैं। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई और चॉकलेट-टॉफियां लेने की होड़ शुरू हो गई।बताया जा रहा है कि लोग अपनी बाइक की डिग्गी, कार और अन्य वाहनों में चॉकलेट के डिब्बे भरकर ले गए। बड़ी संख्या में वाहनों के रुकने से सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 30 मिनट के भीतर कूड़े के ढेर में पड़ा अधिकांश माल लोग उठा ले गए।पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वायरल वीडियो एलएमएल चौराहे से थम्सअप चौराहे के बीच फर्टिलाइजर फैक्ट्री के पीछे हाईवे किनारे का हो सकता है। आशंका है कि किसी कंपनी या डिस्ट्रीब्यूटर ने बड़ी मात्रा में एक्सपायर हो चुकी चॉकलेट और टॉफियों को खुले में फेंक दिया था।जांच के दौरान पुलिस को मौके से कुछ फटे और मिट्टी से सने रैपर भी मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री किसने और कब वहां फेंकी।डीसीपी वेस्ट कासिम आबिदी ने बताया कि एक्सपायरी चॉकलेट का वीडियो संज्ञान में आया है और पनकी थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक्सपायरी डेट के चॉकलेट का वीडियो संज्ञान में आया है। पनकी थाना प्रभारी को जांच का आदेश दिया है। इस तरह के एक्सपायरी खाद्य पदार्थ खाने से किसी के भी स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है, जांच के बाद मामले में FIR दर्ज की जाएगी।डीसीपी वेस्ट कासिम आबिदी