news-details

एमडीएम की कन्वर्जन कास्ट चार महीने से अटकी

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना में कन्वर्जन कास्ट के भुगतान में देरी से विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सामग्री खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि पिछले चार महीने से स्कूलों को कन्वर्जन कास्ट का भुगतान नहीं मिला है। वहीं, फल वितरण मद की धनराशि में करीब दस वर्षों से कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार पिछले दस वर्षों में कन्वर्जन कास्ट की दर में दो बार संशोधन किया गया, लेकिन फल मद की राशि पूर्ववत बनी हुई है। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की ओर से खाद्यान्न और कन्वर्जन कास्ट का नियमित मासिक भुगतान किए जाने की मांग उठाई जा चुकी है। भुगतान प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है। पहले एमडीएम रजिस्टर की छायाप्रति के आधार पर रिपोर्ट लेकर संबंधित विद्यालयों के खातों में धनराशि भेजी जाती थी। अब मई, जून, जुलाई और अगस्त के उपभोग एवं खर्च के आधार पर स्कूलों से अलग-अलग प्रारूप में मांग पत्र मांगे गए हैं। प्राप्त मांग पत्रों को ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर संकलित किया जा रहा है। अमेठी के सभी 13 विकासखंडों से मांग पत्र मिलने के बाद भुगतान की पत्रावली तैयार की जाएगी। ऐसे में सितंबर में भी कन्वर्जन कास्ट का भुगतान होने में देरी की आशंका है। शिक्षक संघ ने नियमित भुगतान की व्यवस्था करने की मांग की है।