
आज जिले के भ्रमण पर आयेंगे गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष
अमेठी। जिले की सभी गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरे नहीं लग पाए हैं।17गोशालाएं एन जी ओ को हैण्डओवर करने की प्रक्रिया गतिमान है। जनपद के तेरह विकास खंडों और चार नगर निकायों में गायों और गोवंशों को संरक्षित करने के लिए वर्तमान में 114गोशालाएं संचालित हैं। इनमें से वृहद गो वंश आश्रय स्थलों की संख्या सात है। संरक्षित पशुओं की संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले घटकर 20402 हो गई है।3613गोवंश सहभागिता योजना के अन्तर्गत सुपुर्दगी में दिए गए हैं। शासन के निर्देश पर 17 गोशालाओं को एन जी ओ को हस्तांतरित किया गया है,यह प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। गोशालाओं में समुचित चारे पानी, पशु आहार और हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के शासन के निर्देश बेमानी साबित हो रहे हैं। बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में गोवंश बीमार है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा गोपाल कृष्ण शुक्ल ने बताया कि 17गोशालाओं को एन जी ओ को दिया जा रहा है।गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की जिम्मेदारी डी पी आर ओ को सौंपी गई है।डी पी आर ओ कार्यालय से कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उ0प्र0 गौसेवा आयोग के मा0 उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल का एक दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम 23 जुलाई 2026 दिन गुरूवार को होना प्रस्तावित हुआ है, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपाध्यक्ष 23 जुलाई 2026 को जनपद बस्ती से 12ः30 बजे जनपद अमेठी पहुॅचेंगे तथा जनपद अमेठी की गौशालाओं का निरीक्षण करेंगे एवं जनपद में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। मा0 उपाध्यक्ष जी 24 जुलाई 2026 को 10ः00 बजे जनपद अमेठी से जनपद बस्ती के लिए प्रस्थान करेंगे।