
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में शिवरी सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में हुई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कार्यकारिणी सदस्य सुशील तिवारी 'पम्मी' को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया।बैठक में शहरभर में 149 एआई आधारित लो-कॉस्ट एयर क्वालिटी सेंसर लगाने का निर्णय लिया गया। यह प्रणाली पीएम-2.5, पीएम-10 सहित अन्य प्रदूषकों की रियल टाइम निगरानी करेगी और 24 से 72 घंटे पहले तक प्रदूषण का पूर्वानुमान भी उपलब्ध कराएगी। इस परियोजना पर नगर निगम का कोई खर्च नहीं होगा।कार्यकारिणी ने ई-कॉमर्स और अन्य कंपनियों के वेयरहाउस से लाइसेंस शुल्क वसूलने के लिए नई उपविधि बनाने को मंजूरी दी। एलडीए के पार्कों और सार्वजनिक स्थलों के व्यावसायिक उपयोग पर भी कमर्शियल टैक्स और यूजर चार्ज लागू किया जाएगा।शिवरी प्लांट में वर्षों से जमा 4.21 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए 26.60 करोड़ रुपये की परियोजना को भी स्वीकृति दी गई। साथ ही तय किया गया कि किसी एक ठेकेदार के पास एक समय में 10 लाख रुपये से अधिक लागत वाले अधिकतम 10 कार्य ही रह सकेंगे।इसके अलावा अमौसी में नया नगर निगम कार्यालय, पारा में बारात घर निर्माण, हॉर्टिकल्चर वेस्ट प्रबंधन, अमीनाबाद इंटर कॉलेज में छात्राओं के प्रवेश सहित कई अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।