news-details

फर्रुखाबाद में जल परियोजनाओं की समीक्षा, धीमी प्रगति पर डीएम सख्त

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल निगम शहरी और ग्रामीण की विभिन्न पेयजल एवं सीवर परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रही योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन का विस्तृत जायजा लिया गया। समीक्षा के दौरान आवास विकास 24x7 वाटर सप्लाई पायलट प्रोजेक्ट, कैंट एरिया वाटर सप्लाई योजना, शमसाबाद वाटर सप्लाई स्कीम तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन सीवर और एसटीपी प्रोजेक्ट पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल निगम शहरी को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाई जाए। साथ ही पाइपलाइन कार्य के बाद खोदे गए गड्ढों को तुरंत भरने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में “हर घर जल” योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिशासी अभियंता, जल निगम ग्रामीण ने बताया कि वीटीएल गजा कंपनी ने 154 में से 151 ओवरहेड टैंक पूरे कर लिए हैं, जबकि जीवीपीआर कंपनी 227 में से केवल 69 टैंक ही बना सकी है। इस धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए जीवीपीआर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के लिए शासन को संस्तुति भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, वहां नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई, जहां जल निगम ग्रामीण से जुड़ी शिकायतों पर 23 प्रतिशत असंतोषजनक फीडबैक मिलने पर अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।