news-details

गंगा स्नान के दौरान किशोर की डूबने से मौत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। परमट घाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान चार किशोर गहरे पानी में चले गए। हादसे में एक किशोर की डूबने से मौत हो गई, जबकि नाविकों ने तीन किशोरों को सुरक्षित बचा लिया। बर्रा के जरौली फेस-वन निवासी 14 वर्षीय गोलू साहू अपने दोस्तों अर्पित (14), शिवम गुप्ता (14), सत्यम (12) और सागर (14) के साथ सुबह करीब पांच बजे परमट घाट पहुंचा था। गंगा में उतरने से पहले सभी दोस्तों ने घाट पर सेल्फी ली। इसके बाद चार किशोर नहाने चले गए, जबकि गोलू कपड़ों की देखरेख के लिए घाट पर बैठा रहा।नहाते समय चारों किशोर गहराई में पहुंच गए और डूबने लगे। शोर सुनकर घाट पर मौजूद नाविकों ने तुरंत गंगा में छलांग लगाकर अर्पित, सत्यम और सागर को बचा लिया, लेकिन शिवम गहरे पानी में समा गया।सूचना पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। करीब दो घंटे बाद शिवम का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।