
PARDARSHI VIKASH NEWS औरैया में आगामी गंगा दशहरा और ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने और व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कुर्बानी के बाद जानवरों के अपशिष्ट को पॉलिथीन में रखकर निर्धारित स्थानों या कूड़ा कलेक्शन गाड़ी में ही डाला जाए, ताकि गंदगी न फैले और किसी को परेशानी न हो। उन्होंने प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पर रोक लगाने और खुले में कुर्बानी न करने के निर्देश दिए। साथ ही नमाज़ केवल निर्धारित स्थानों पर ही अदा करने को कहा गया। प्रशासन ने साफ-सफाई, जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और चूना छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। वहीं गंगा दशहरा को लेकर घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों और नावों की व्यवस्था रखने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर कानून व्यवस्था बनाए रखने और अराजकतत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए।