news-details

गंगा दशहरा पर यूपी के घाटों में उमड़ी आस्था

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS यूपी में मंगलवार को गंगा दशहरा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या समेत कई शहरों के घाटों पर सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने गंगा और सरयू में स्नान कर पूजा-अर्चना व दान-पुण्य किया।काशी के असी घाट पर मां गंगा को 12 राज्यों से आई 5100 साड़ियों से बनी करीब 25,500 फीट लंबी चुनरी अर्पित की गई। वहीं 501 लीटर दूध से गंगा का अभिषेक भी किया गया। साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां गंगा की आरती उतारी।प्रयागराज में संगम तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान कर सूर्य को अर्घ्य दिया। अयोध्या के सरयू घाट पर भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भजन-कीर्तन करते हुए श्रद्धालु घाटों तक पहुंचे।प्रशासन के अनुसार, दोपहर तक काशी में करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु गंगा स्नान कर चुके थे, जबकि प्रयागराज में छह लाख से अधिक लोगों ने संगम में डुबकी लगाई। अयोध्या में भी 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने सरयू स्नान किया।गंगा दशहरा को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जल पुलिस गंगा में लगातार गश्त कर रही है। बिना लाइफ जैकेट नाव चलाने पर कार्रवाई भी की गई। घाटों और मंदिरों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है।ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, अधिकमास में आठ साल बाद गंगा दशहरा का विशेष संयोग बना है। इस वजह से गंगा स्नान, पूजा और दान का महत्व कई गुना बढ़ गया है। शाम को काशी के घाटों पर विशेष गंगा आरती और दीप सज्जा की जाएगी, जिससे पूरा माहौल देव दीपावली जैसा नजर आएगा।