news-details

गैंगस्टर अजय ठाकुर पर एक और मुकदमा दर्ज

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। फरार गैंगस्टर अजय ठाकुर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया है, जिसके बाद उस पर दर्ज मामलों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुई रीलों के बाद की गई है, जिनमें अजय ठाकुर अपने साथियों के साथ शहर के बीचोंबीच शक्ति प्रदर्शन करता नजर आया था। पुलिस के अनुसार 5 जून को जेड स्क्वायर मॉल के बाहर गैंगस्टर अजय ठाकुर ने दर्जनभर साथियों के साथ लग्जरी वाहनों के काफिले में रील बनाई थी। वायरल वीडियो में वह वाहन की छत पर खड़े होकर स्टंटबाजी करता और सिगरेट पीते हुए दिखाई दिया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथियों ने सड़क किनारे मौजूद लोगों और दुकानदारों को धमकाकर वहां से भगा दिया, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हुई।मामले का संज्ञान लेते हुए कोतवाली थाने में तैनात दरोगा अनीश कुमार सिंह की तहरीर पर अजय ठाकुर और उसके 15 साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक अजय ठाकुर के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, बलवा, रंगदारी, आईटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में केशवपुरम स्थित एक आश्रम के महंत पर हमले के मामले में भी उसका नाम सामने आया था और वह फिलहाल वांछित चल रहा है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंगस्टर और उसके साथियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है तथा जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।