
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र के नंदगांव स्थित दिवाका थोक में शनिवार रात एक घर की गैलरी में खड़ी अर्टिगा कार में अचानक भीषण आग लग गई। रात करीब 8:30 बजे कार से धुआं उठता देख परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों, पाइप और समरसेबल के जरिए आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार मालिक मोनपाल के पिता हेतराम ने बताया कि आग में सोलर सिस्टम और खेती-किसानी का सामान भी जल गया। आग की गर्मी से मकान की दीवारों में दरारें आ गईं। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है।