news-details

गैंनहीं जंगल बुढ़वा में विकास कार्य ठप

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kushinagar

गैंनहीं जंगल बुढ़वा क्षेत्र में सरकारी विकास कार्यों की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। यहां आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कार्य करीब छह महीनों से अधूरा पड़ा हुआ है, जिसके चलते बच्चों और महिलाओं को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद अचानक बंद हो गया और तब से अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने इसकी सुध नहीं ली।

ग्रामीणों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र के अभाव में छोटे बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है।

इसी क्रम में गांव के विद्यालय परिसर में बना मां काली का चौतरा भी बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। महज तीन वर्ष पहले निर्मित यह चौतरा अब टूटकर जर्जर हो गया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि घटिया सामग्री के इस्तेमाल के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि अधूरे आंगनबाड़ी भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए, काली चौतरे की मरम्मत कराई जाए तथा निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।